रायबरेली लोकसभा: उत्तर प्रदेश में अभी तक रायबरेली लोकसभा सीट को लेकर खुलासा नहीं हुआ है। लंबे समय से इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि गांधी परिवार की इन पारंपरिक सीटों से कौन चुनाव लड़ेगा। ऐसे में इस सीट के उम्मीदवार को लेकर सभी की निगाहें लगी हुई हैं।
इस बीच खबर आ रही है कि रायबरेली लोकसभा सीट पर नेहरू-गांधी परिवार के दो दिग्गज आमने-सामने हो सकते हैं। इंडिया गठबंधन के तहत कांग्रेस से प्रियंका गांधी का उतरना तय है। वहीं, भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने वरुण गांधी से वहां से चुनाव लड़ने के लिए बात की है।
हालांकि, वरुण गांधी ने अपनी ही चचेरी बहन प्रियंका गांधी के खिलाफ लड़ने के बारे में निर्णय लेने के लिए थोड़ा वक्त मांगा है। अब यह फैसला वरुण के हाथ में ही है कि वह चुनाव लड़ें या नहीं। प्रियंका गांधी और वरुण गांधी के रिश्ते अच्छे हैं, इसलिए वरुण गांधी रायबरेली सीट को लेकर कोई फैसला लेने से पहले अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ राय-मश्विरा कर लेना चाहते हैं।
बता दें कि रायबरेली सीट कांग्रेस का गढ़ मानी जाती है। इसका अंदाजा इस बात से लगा सकते हैं कि 2019 में कांग्रेस ने यूपी में एकमात्र सीट रायबरेली ही जीती थी।