मशहूर रैपर यो यो हनी सिंह के खिलाफ उनकी पत्नी ने घरेलू हिंसा का केस दर्ज करवाया है। उनकी पत्नी शालिनी तलवार ने घरेलू हिंसा के मामले में कोर्ट में महिला संरक्षण एक्ट के तहत याचिका दायर की है। इस मामले पर संज्ञान लेते हुए दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट ने सिंगर हनी सिंह के खिलाफ नोटिस जारी किया है। हालांकि इस मामले पर अभी तक हनी सिंह की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो कोर्ट ने 28 अगस्त तक हनी सिंह को अपना जवाब दाखिल करने का समय दिया है। इस बीच घर, जमीन व अन्य सामानों से छेड़छाड़ पर भी हनी सिंह पर रोक लगाई गई है। युवाओं के बीच लोकप्रिय स्टार हनी सिंह इससे पहले भी कई बार विवादों में आ चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हनी सिंह की पत्नी शालिनी तलवार ने उनपर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। जिसमें शारीरिक हिंसा, यौन हिंसा व मानसिक व आर्थिक हिंसा समेत कई आरोप शामिल हैं।