Politics

BREAKING NEWS: आज बुलंदशहर जिले में होगा सियासी संग्राम, अमित शाह और प्रियंका के साथ ही अखिलेश-जयंत भी होंगे मैदान में

बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश में 10 फरवरी से विधानसभा चुनावों का आगाज हो जाएगा। इसको देखते हुए उत्तर प्रदेश में राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है।आचार संहिता उल्लंघन के भय से दिग्गज नेता अपने प्रत्याशियों के लिए घर-घर जाकर वोट मांग रहे हैं। इसी क्रम में सत्ता के संग्राम में बृहस्पतिवार को बुलंदशहर जिले में चार सियासी दिग्गज मैदान में उतर रहे हैं।

गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा जहांगीराबाद में दोपहर 12 बजे आमने-सामने होंगे। इसके अलावा अमित शाह का डिबाई में भी कार्यक्रम है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और रालोद मुखिया जयंत चौधरी का बुलंदशहर, स्याना, अनूपशहर, शिकारपुर, खुर्जा और सिकंदराबाद में कार्यक्रम है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हेलीकॉप्टर से जहांगीराबाद के नवीन अनाज मंडी पहुंचेंगे। यहां वह जनसभा को संबोधित करेंगे। करीब 45 मिनट बाद वह डिबाई के लिए रवाना होंगे। डिबाई के कुबेर इंटर कालेज के मैदान में ढाई बजे तक जनसभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस की महासचिव और प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी दोपहर 12 बजे जहांगीराबाद में जनसपंर्क करेंगी। इस बात पर पूर्व विधायक गजेंद्र सिंह ने बताया कि मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाने और जनता की मांग पर प्रियंका गांधी ने कार्यक्रम आयोजित कराया है।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और रालोद के मुखिया जयंत चौधरी का हेलीकॉप्टर सुबह 11 बजे पुलिस लाइन में उतरेगा। 11.30 बजे वह डीएम रोड पर जनसभा करते हुए संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। दोपहर 12 बजे जनसंपर्क करते हुए काला आम चौराहा, धमेड़ा अड्डा, अगौता, स्याना विधानसभा के सैदपुर, बीबीनगर, गांव सटला, चितसोना, स्याना, अनूपशहर विधानसभा के लखावटी, औरंगाबाद, जहांगीराबाद, शिकारपुर विधानसभा के गांव चांदौक, शिकारपुर कस्बा, खुर्जा विधानसभा के खुर्जा रोड, चौला चौकी, सिकंदराबाद विधानसभा के गांव धनौरा से ककोड़ तक जनसंपर्क करेंगे।

Most Popular