रामनवमी 2024: आज देशभर में चैत्र नवरात्र के समापन पर रामनवमी बहुत धूमधाम से मनाई जा रही है। इस बार रामनवमी बहुत ही खास रही। क्योंकि अयोध्या में राम मंदिर बनने और प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहली बार रामनवमी मनाई गई। इस अवसर पर हर साल की तरह इस साल भी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने बुधवार दोपहर श्रीरामनवमी के महापर्व पर विधि विधान से भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव मनाया। इस अवसर पर मंदिर परिसर प्रभु श्रीराम के भजनों से गुंजायमान रहा।
योगी आदित्यानाथ ने बतौर गोरक्षपीठाधीश्वर गोरखनाथ मंदिर में पूरे विधि-विधान से नवमी पूजन किया। फिर कन्याओं की पूजा भी की। सीएम योगी ने मंदिर में करीब एक घंटे तक पूजा की और कन्याओं के पैर धोए व बटुक भैरवों की भी पूजा की। कन्या पूजन भी वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ। पूजा-हवन के बाद मुख्यमंत्री ने कन्याओं को खुद अपने हाथ से भोजन कराया।
पूजन आदि से पहले योगी आदित्यनाथ ने कुछ समय मठ में आने वाले लोगों के साथ गुजारा फिर मठ स्थित शक्ति पीठ पहुंचकर हवन-पूजन किया। सीएम योगी ने मठ के पूजन कक्ष में मौजूद अन्य कन्याओं को भी खुद से भोजन कराया। इसके बाद उन्हें दक्षिणा देकर उनकी विधि पूर्वक विदाई की।
सीएम योगी वह दोनों नवरात्रों पर कन्या पूजन करते हैं। यह प्रक्रिया तब से चल रही है जब वह सीएम नहीं थे। कन्याओं की विदाई के साथ ही गोरखनाथ मंदिर में गोरक्षपीठाधीश्वर के हाथों होने वाली नवमी की पूजा संपन्न हुई।
वासंतिक नवरात्र की नवमी तिथि पर गोरखनाथ मंदिर में कन्या पूजन का अनुष्ठान पूर्ण करने के बाद मुख्यमंत्री मंदिर परिसर स्थित रामदरबार पहुंचे। दोपहर के बारह बजते ही उन्होंने पालने में विराजमान प्रभु श्रीराम के बाल स्वरूप के विग्रह की वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा अर्चना की।