आगरा: आगरा के थाना मंटोला में नगमा ने आरोपी पूर्व मंत्री चौधरी बशीर के खिलाफ तीन तलाक का केस दर्ज कराया था। उन्होंने कहा था कि वह तीन साल से मायके में रह रही है। दो बच्चे भी उनके पास ही हैं। पति ने छठवीं शादी कर ली। जब इस बात की जानकारी हुई तो वो ससुराल पहुंचीं। चौधरी बशीर ने धमकी देकर तीन तलाक बोलकर घर से निकाल दिया।
चौधरी बशीर पर दर्ज तीन तलाक के केस में आरोपी पूर्व मंत्री चौधरी बशीर घर से फरार हैं। पुलिस का कहना है कि दबिश दी गई लेकिन तब तक वह घर से भाग गए थे। उधर पत्नी नगमा का कहना है कि पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। इसलिए पति बच रहा है। इसके बावजूद वह हार नहीं मानेंगी। सजा दिलाकर ही मानूँगी।
नगमा बुधवार को राज्य महिला आयोग की सदस्य निर्मला दीक्षित से भी मिली थीं। उनसे तीन तलाक देने के मामले में पति चौधरी बशीर को गिरफ्तार करने की मांग की। इस पर सदस्य ने पुलिस अधिकारियों से बात की। उन्हें गिरफ्तारी के लिए निर्देशित किया।
थाना प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि चौधरी बशीर की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई थी। मगर, वह घर से फरार हो गए हैं। उनकी तलाश में टीम लगी है। कई रिश्तेदारों से पूछा गया लेकिन वो कुछ भी नहीं बता सके हैं। सर्विलांस की मदद भी ली जा रही है। जरूरत पड़ने पर आगरा से बाहर भी टीम जाएगी।