यूपी: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में गोशालाओं में मवेशियों की उपेक्षा और उन्हें चारा-पानी न मिलने से आहत गोसेवक ने कलक्ट्रेट के बाहर पेट्रोल डालकर खुद को लगा ली। गौ माता की जय, गोवंश की रक्षा करो जैसे नारे लगाते गोसेवक को लपटों में घिरा देखकर पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने किसी तरह आग बुझाई। गंभीर हालत में गोसेवक को कानपुर रेफर किया गया है।
शहर के मोहल्ला नरेंद्र नगर निवासी वरिष्ठ पत्रकार अखिलेश अवस्थी इंदिरा नगर में हनुमंत जीवधाम नाम से गोआश्रय केंद्र चलाते हैं। वह कई वर्षों से दुर्घटनाओं में घायल व बीमार मवेशियों का इलाज कराने से लेकर उनकी सेवा में जुटे हैं।आवारा गोवंशों को भी वे अपने आश्रय स्थल में रखते हैं। इस आश्रय स्थल का खर्च चलाने के लिए वह टोली बनाकर सुंदरकांड का पाठ करते हैं। दान में मिली रकम वह गोवंशों पर खर्च करते हैं। इधर, भीषण ठंड में कई गोशालाओं में गोवंशों की दुर्दशा से आहत थे।
यहां चारा और पानी का इंतजाम नहीं था। प्रशासन से व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की थी, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए। कलक्ट्रेट पहुंचे और खुद को आग लगा ली। वे करीब 35 फीसदी झुलसे हैं।
