IND vs SA: भारत ने साउथ अफ्रीका को तीसरे टी-20 मुकाबले में 106 रन से रौंदा,  सूर्यकुमार यादव का दिखा जलवा

IND vs SA: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज़ का तीसरा और आखिरी मुकाबला 14 दिसंबर, गुरुवार को जोहान्सबर्ग के न्यू वांडरर्स में खेला गया। इससे पहले दूसरे मुकाबले में अफ्रीका ने जीत अपने नाम कर सीरीज़ में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली थी क्योंकि पहला मैच बारिश के चलते रद्द हो गया था। उसमें टॉस भी नहीं हो सका था।

भारत ने जोहानिसबर्ग में खेले गए तीसरे टी20 में दक्षिण अफ्रीका को 106 रन से हराकर बड़ी जीत हासिल की। भारत ने साउथ अफ्रीका को तीसरे टी-20 मुकाबले में 106 रन से रौंदा। टीम इंडिया से मिले 202 रन के लक्ष्य के जवाब में साउथ अफ्रीका की पूरी टीम महज 95 रन बनाकर सिमट गई।
टीम इंडिया की इस जीत के साथ तीन मैचों की सीरीज 1-1 की बराबरी पर खत्म हुई।

तीसरे टी20 में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव का जलवा देखने को मिला। उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय में अपना चौथा शतक जड़ा और टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 56 गेंद में सात चौके और आठ छक्के की मदद से 100 रन की पारी खेली और रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। सिर्फ 60 टी20 मैचों में सूर्यकुमार यादव ने 45.55 की औसत और 171.55 के स्ट्राइक रेट से 2,141 रन बनाए हैं। उन्होंने 57 पारियों में चार शतक और 17 अर्द्धशतक बनाए हैं, जिसमें 117 का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। वह सबसे तेज चार टी20 शतक बनाने वाले खिलाड़ी हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शतक, सूर्या के टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का यह चौथा शतक रहा।

इस प्रारूप में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में उन्होंने रोहित शर्मा और ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल की बारबरी की। तीनों ने ही चार-चार शतक लगाए हैं। हालांकि, सूर्या सबसे तेज यानी सबसे कम पारियों में चार शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। सूर्या ने ऐसा सिर्फ 57 टी20 पारियों में किया है, जबकि मैक्सवेल ने ऐसा 92वीं पारी और रोहित ने ऐसा 79वीं पारी में किया था।
इसके अलावा सूर्या टी20 में भारत के लिए शतक लगाने वाले सिर्फ दूसरे कप्तान हैं। यह तीसरी बार हुआ है जब किसी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भारतीय कप्तान ने शतक लगाया हो। इससे पहले रोहित दो बार ऐसा कर चुके हैं। 2017 में श्रीलंका के खिलाफ इंदौर में कप्तानी करते हुए हिटमैन ने 118 रन बनाए थे। इसके बाद 2018 में लखनऊ में वेस्टइंडीज के खिलाफ कप्तानी करते हुए रोहित ने नाबाद 111 रन की पारी खेली थी। अब सूर्या तीसरे कप्तान हैं।

सूर्यकुमार ने विराट कोहली को पीछे छोड़ते हुए टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय खिलाड़ियों में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। सूर्या ने सिर्फ 57 पारियों में कुल 123 छक्के लगाए हैं। रोहित 140 पारियों में 182 छक्के के साथ टी20 में भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी हैं। विराट ने 107 पारियों में 117 छक्के लगाए हैं।

वहीं, भारत के लिए किसी एक टी20 पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में भी सूर्या का जलवा है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 100 रन की पारी में कुल आठ छक्के लगाए। भारत के लिए किसी एक टी20 पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड हिटमैन के नाम है। उन्होंने 2017 में इंदौर में श्रीलंका के खिलाफ 10 छक्के लगाए थे।

दक्षिण अफ्रीका की टीम 95 रन पर सिमट गई, जो उनका टी20 में ऑलआउट होने पर दूसरा न्यूनतम स्कोर है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने 2020 में जोहानिसबर्ग में दक्षिण अफ्रीकी टीम को 89 रन पर समेट दिया था। वहीं, भारतीय टीम की यह टी20 में रनों के अंतर से जीत के मामले में तीसरी सबसे बड़ी जीत है। भारत ने इसी साल अहमदाबाद में न्यूजीलैंड को 168 रनों के अंतर से हराया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *