यूपी: अमरोहा में सपा-कांग्रेस पर बरसे पीएम मोदी, बोले दो शहजादों को पहले ही लोग रिजेक्ट कर चुके

लोकसभा चुनाव: साल 2024 का लोकसभा चुनाव का सियासी संग्राम शुरु हो गया है। इसके साथ ही नेताओं का एक दूसरे पर राजनीतिक बयानबाज, आरोप प्रत्यारोप का दौर भी जारी है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गजरौला में अमरोहा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी कंवर सिंह तंवर के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने सपा-कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।

पीएम मोदी ने कहा कि यूपी में एक बार फिर दो शहजादों की जोड़ी घूम रही है, दोनो शहजादों की जोड़ी की फिल्म की शूटिंग चल रही है, इन्हें पहले ही लोग रिजेक्ट कर चुके हैं। हर बार ये लोग परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की टोकरी उठाकर यूपी की जनता से वोट मांगने निकल पड़ते हैं। अपने इस अभियान में ये लोग हमारी आस्था पर हमला करने का कोई मौका नहीं छोड़ते। यहां से जो कांग्रेस के प्रत्याशी हैं, उन्हें तो भारत माता की जय बोलने में भी परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि सपा-कांग्रेस ने राम मंदिर का निमंत्रण ठुकरा दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज पहले चरण का मतदान हो रहा है। ये लोकतंत्र के सबसे बड़े उत्सव का बहुत बड़ा दिन है। मेरा सभी मतदाताओं से अनुरोध है कि संविधान से मिले इस अधिकार का उपयोग जरूर करें। और विशेषकर मैं अपने युवाओं से आग्रह करूंगा, जो पहली बार वोट डालने जा रहे हैं कि वे ऐसा मौका जाने न दें, वो अवश्य वोट करें।

पीएम ने कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव देश के भविष्य का चुनाव है। इस चुनाव में आप का एक एक वोट भारत के भाग्य को सुनिश्चित करने वाला है। भाजपा गांव, गरीब के लिए बड़े विजन और बड़े लक्ष्यों के साथ आगे बढ़ रही है। लेकिन इंडिया गठबंधन के लोगों की सारी शक्ति गांव, देहात को पिछड़ा बनाने में लगती है। इस मानसिकता का सबसे बड़ा नुकसान अमरोहा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश जैसे क्षेत्रों को उठाना पड़ा है। मोदी सरकार के पिछले 10 वर्षों में जो हुआ है, वो तो अभी केवल एक ट्रेलर है। अभी तो हमें UP और देश को बहुत आगे लेकर जाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *