Uttar Pradesh

यूपी: खेत में करीब दस फीट लंबा छिपकर बैठे मगरमच्छ को देख लोगो के उड़े होश, मुंह में रस्सी बांधकर लोग घसीटकर ले गए

सोनभद्र: सोनभद्र जिले के घोरावल क्षेत्र के मुक्खा फाल के बाद अब चतरा ब्लॉक के धधरौल बांध के किनारे भी विशालकाय मगरमच्छ मिला है। शनिवार की सुबह बांध के किनारे खेत में करीब दस फीट लंबा मगरमच्छ मिलने से हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।

बारिश के बाद वन एवं पहाड़ी क्षेत्रों के नालों का पानी बहकर बांधों में पहुंचा है। इससे बांध व जलाशय लबालब हो गए हैं। जलीय जीवों की संख्या भी बढ़ी है। मुक्खा फाल से सटे इलाकों में मगरमच्छ की संख्या तेजी से बढ़ी है। अब घोरावल बांध के पास भी विशालकाय मगरमच्छ बढ़े हैं। शनिवार की सुबह बांध से सटे मऊ कला गांव के खेत में सुबह करीब दस फीट लंबा मगरमच्छ बैठा था।

खेत में गए लोगों की नजर पड़ी तो सन्न रह गए। चहल-पहल बढ़ते ही मगरमच्छ फुफकारते हुए भागने लगा। कुछ युवक मगरमच्छ के मुंह में रस्सी बांधकर घसीटते हुए फिर से जलाशय की ओर ले गए।

बाद में लोगों की आपत्ति पर उसे फिर से बांध के पास ले जाकर छोड़ दिया गया। वन विभाग के अफसरों के पहुंचने से पहले ही मगरमच्छ बांध में छोड़ा जा चुका था। बांध से सटे गांवों के लोग मगरमच्छ के खेतों में मिलने के बाद सहमे हुए हैं।

Most Popular