लोकसभा चुनाव: लोकसभा चुनाव को देखते हुए जहां एक ओर सभी पार्टियां ताबड़तोड़ अपने प्रचार अभियान में जुट गई है तो वहीं बसपा ने सोमवार देर रात को यूपी के लिए तीन नए प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी है। इस नई लिस्ट में पार्टी ने अमेठी, प्रतापगढ़ और झांसी में उम्मीदवार घोषित किए हैं।
अमेठी में नन्हें सिंह चौहान, प्रतापगढ़ में प्रथमेश मिश्रा और झांसी में रवि प्रकाश कुशवाहा पार्टी के प्रत्याशी होंगे। अमेठी का सियासी रण दिलचस्प होता जा रहा है। पार्टी ने अमेठी से उम्मीदवार बदल दिया है। एक दिन पहले रविवार को ही अमेठी सीट पर रवि प्रकाश मौर्या को प्रत्याशी बनाया गया था। वह अयोध्या से विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। उनकी जगह पर अब नन्हें सिंह चौहान पार्टी के प्रत्याशी होंगे।
यहां देखें 👇👇👇👇पूरी सूची…..
नामांकन से पहले अमेठी में बसपा ने फिर बदला दावेदार
अमेठी के सियासी रण में सोमवार को एक और बदलाव दिखा। दोपहर में बसपा के पहले घोषित प्रत्याशी रवि प्रकाश मौर्य ने नामांकन पत्र लिया था। वह पर्चा दाखिल करते इससे पहले ही देर शाम को जारी बसपा की सूची में दावेदार ही बदल गया। अब पार्टी ने सुल्तानपुर निवासी व्यवसायी नन्हे सिंह चौहान को दावेदार बनाया है।
नन्हे सिंह चौहान सुल्तानपुर जिले के लम्भुआ थाने के अर्जुनपुर गांव निवासी नन्हे सिंह चौहान अर्थशास्त्र से स्नातक पास है। संसदीय चुनाव जैसा बड़ा चुनाव वह पहली बार लड़ रहे हैं। पहली मई को नामांकन करने की तैयारी में है। बता दें कि बसपा ने अमेठी में पहला चुनाव 1989 में लड़ा था। उस वक्त राजीव गांधी के खिलाफ बसपा संस्थापक काशीराम चुनाव मैदान में उतरे थे। इसके बाद बसपा ने कई चुनाव लड़ा लेकिन, वह एक लाख वोट तक नहीं पा सकी।