यूपी: भाजपा प्रत्याशी जयवीर सिंह मुलायम के गढ़ में बैलगाड़ी से चुनाव प्रचार के लिए निकले

लोकसभा चुनाव 2024: सपा के गढ़ मैनपुरी में चुनाव की बिसात दिलचस्प हो गई है। सपा प्रत्याशी डिंपल यादव के सामने भाजपा ने पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह को प्रत्याशी बनाया है। इस लोकसभा चुनाव में सपा के गढ़ को ढहाने के लिए भाजपा की तैयारी जारी है।

बता दें कि इन दिनों लोकसभा चुनाव 2024 के तीसरे चरण के मतदान के लिए सभी दलों के नेता चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं। कोई निजी तौर पर जनता से जाकर मिल रहा है, तो कोई सोशल मीडिया कैंपेन के जरिए लोगों से जुड़ रहा है। इसी बीच मैनपुरी में सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और भाजपा प्रत्याशी जयवीर सिंह ने प्रचार का एक नया तरीका अपनाया। मैनपुरी से भाजपा के प्रत्याशी जयवीर सिंह बैलगाड़ी पर चुनाव प्रचार करते नजर आए। वे जसवंतनगर के चौबिया कस्बे में वोट मांग रहे थे।

जसवंतनगर सपा का गढ़ माना जाता है। यहां से शिवपाल सिंह यादव विधायक हैं और यहां से सपा को लोकसभा चुनाव में बड़ी लीड मिलती है। जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र का ही एक हिस्सा है।

बता दें कि मैनपुरी लोकसभा सीट को सपा का गढ़ कहा जाता है। 1996 के बाद से इस सीट पर सपा के प्रत्याशी अजेय रहे हैं। 2014 और 2019 के मोदी लहर वाले चुनाव में भाजपा इस सीट को जीत नहीं पाई थी। मुलायम के निधन के बाद 2022 में हुए उपचुनाव में भी सपा मुखिया की पत्नी डिंपल यादव सांसद बनीं थीं। सपा ने इस बार भी उनको ही प्रत्याशी बनाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *