यूपी: राजनीतिक विश्लेषक जैनब सिकंदर रालोद में हुई शामिल, लिखा- हक़-हिम्मत-हल, राष्ट्रीय लोकदल…..

यूपी: पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न के एलान के बाद से जयंत चौधरी का बीजेपी के साथ जाना तय माना जा रहा है। चौधरी चरण सिंह के पोते होने के नाते जयंत उत्तर भारत के जाट समाज में एक बड़े चेहरे के रूप में देखे जाते हैं। इसी बीच रालोद मुखिया जयंत चौधरी भी अपनी तैयारी में जुटे हुए हैं। जयंत चौधरी कुनबा बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं।

रविवार को राजनीतिक विश्लेषक जैनब सिकंदर ने जयंत के साथ अपनी एक तस्वीर एक्स पर पोस्ट की, जिसे जयंत ने रीट्वीट किया है। जैनब सिकंदर रालोद में शामिल हो गई हैं। वहीं सियासी गलियारों में चर्चा यह भी है कि रालोद जैनब को पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी दे सकता है।

दिल्ली में जयंत के आवास पर उनकी और राष्ट्रीय प्रवक्ता भूपेंद्र चौधरी की मौजूदगी में जैनब सिकंदर ने रालोद की सदस्यता ग्रहण की। भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि जैनब सिकंदर का आरएलडी में स्वागत है। कहा, हर फैसले के पीछे बड़ी वजह होती है, तो ये फैसला वही है। कई और लोगों का जल्द स्वागत करेंगे। वहीं रालोद में शामिल होने के बाद जैनब ने अपने एक्स अकाउंट से जयंत के साथ तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा हक़-हिम्मत-हल, राष्ट्रीय लोकदल!

राजनीतिक विश्लेषक जैनब सिकंदर के राष्ट्रीय लोकदल में शामिल होने पर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। माना जा रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह उन्हें पार्टी प्रवक्ता बना सकते हैं। जैनब को राजनीति की अच्छी समझ भी है और राजनीति पर बोलने का अनुभव भी है।

आपको बता दें कि चौधरी चरणसिंह को भारत रत्न दिए जाने की घोषणा के बाद राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी के भाजपा के साथ लोकसभा चुनाव लड़ने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस साल रिकॉर्ड पांच हस्तियों को यह भारत रत्न सम्मान देने की घोषणा हो चुकी है। जिसके बाद से इसके राजनीतीक मायने भी निकाले जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *