अयोध्या: यूपी सरकार के मंत्रियों के बाद आज दिल्ली सीएम केजरीवाल व भगवंत मान सपरिवार करेंगे रामलला के दर्शन

राम मंदिर: यूपी सरकार के मंत्रियों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के राम मंदिर में दर्शन के बाद अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सोमवार को अयोध्या आएंगे। इनके साथ परिवार के सदस्य भी रहेंगे। आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने बताया कि दोनों मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर चार्टर्ड प्लेन से पहुंचेंगे। दोनों सीएम रामलला के दर्शन करेंगे। इसके बाद दिल्ली लौट जाएंगे।

लखनऊ से 10 बसों से आए यूपी सरकार के मंत्रियों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ रालोद के पांच, कांग्रेस व बसपा के एक-एक विधायक राम जन्मभूमि परिसर में प्रवेश किया। इसके बाद सीएम की अगुवाई में सभी ने रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई। एक-एक कर सभी ने रामलला के समक्ष अपनी श्रद्धा अर्पित की। मुख्यमंत्री गर्भगृह के समक्ष करीब 15 मिनट तक मंत्रियों के साथ बैठे रहे। मुख्यमंत्री ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से भी मुलाकात की और राममंदिर परिसर का भ्रमण कर निर्माण कार्यों की प्रगति देखी। अपराह्न तीन बजे सभी लखनऊ लौट गए।

राममंदिर में दर्शन-पूजन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कांग्रेस, बसपा और रालोद का साथ मिला। इन दलों के विधायक, प्रदेश सरकार के मंत्रियों और एनडीए के विधायकों व एमएलसी के साथ कुल 330 सदस्य अयोध्या पहुंचे। सिर्फ समाजवादी पार्टी ने ही श्रीराम दर्शन यात्रा से दूरी बनाए रखी। इसका संकेत सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पहले ही दे दिया था। आपको बता दें कि भाजपा और रालोद गठबंधन की तस्वीर साफ होने के बाद रालोद के विधायक भी एनडीए की बसों में सवार होकर अयोध्या में रामलला के दर्शन करने गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *