आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां संदिग्ध हालत में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका जता रही है। यहां एक युवक के 12 साल का बेटा और मां कमरे में मृत मिली हैं। जबकि युवक का शव घर में फंदे पर लटका मिला है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को थाना न्यू आगरा के लॉयर्स कॉलोनी में इलाके में तीन लोगों की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। तरुण उर्फ जॉली नाम के युवक का शव घर में फंदे पर लटका मिला है। वहीं उसके 12 साल के बेटे कुशाग्र चौहान और मां ब्रजेश देवी कमरे में मृत मिले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका जता रही है। पुलिस को आशंका हैं कि युवक ने मां और बेटे को मारने के बाद आत्महत्या की है। घटना की जानकारी सुबह नौकरानी के आने पर हुई। युवक के पिता अधिवक्ता थे। युवक के पिता मान सिंह की कई साल पहले मौत हो गई थी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन कर कारणों का पता करने में लगी हुई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा ।