मेरठ: कई दिनों से लगातार पड़ रही बारिश के दौरान शनिवार को उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में बड़ा हादसा हो गया है। लोहिया नगर क्षेत्र में जाकिर कॉलोनी में बड़ा हादसा हो गया। लगभग 50 साल पुराना तीन मंजिला मकान भरभरा कर गिर गया। एक ही परिवार के 15 लोग और दर्जनों मवेशी मलबे के नीचे दब गए। हादसे के बाद एडीजी से लेकर जिले के तमाम आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।
सूचना मिलने पर पहुंची लोहिया नगर पुलिस, स्थानीय लोग, दमकल, SDRF-NDRF की टीम ने कुछ लोगों को सुरक्षित निकाल लिया। वहीं डेढ़ साल की बच्ची समेत 10 लोगों की मौत हो गई। महिलाओं और बच्चों समेत 10 लोगों के शवों को निकाला जा चुका है। रेस्क्यू के लिए SDRF- NDRF की टीम के साथ स्निफर डॉग्स भी लगाए गए। 17 घंटे तक लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा।

जानकारी के अनुसार क्षेत्रवासियों ने बताया कि जैसे ही मकान भरभरा कर गिरा तो किसी सिलेंडर फटने की आवाज आई। तेज धमाके के साथ इलाके में हड़कंप मच गया। हम लोग मलबे में दबे परिवार को बचाने के लिए दौड़े। साथ ही तत्काल पुलिस को सूचना दी। तंग गली होने के कारण गली में जेसीबी नहीं आ पाई। फायर ब्रिगेड की टीम ने मैनुअली रेस्क्यू शुरू किया। दो घंटे बाद NDRF-SDRF मशीनें के साथ आईं। इसके बाद तेजी से बचाव कार्य शुरू किया गया। घटना के बाद मौके पर भीड़ लग गई और चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। जानकारी के बाद थाना पुलिस और कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षेत्रवासियों की मदद से मलबे को हटाने का काम शुरू किया। संकरी गलियों के चलते जेसीबी और एंबुलेंस भी मौके पर नहीं पहुंच सकी। कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को निकाला गया।
सीएम योगी ने हादसे का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सीएम ने बचाव कार्यों में तेजी लाने को कहा है।
जाकिर कॉलोनी गली नंबर सात में 90 साल की बुजुर्ग महिला नफो उर्फ नफीस का 300 गज में तीन मंजिला मकान था। बताया जाता है कि यह मकान लगभग 50 साल पुराना था।