
महराजगंज: जिले में गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए पुलिस द्वारा लगातार तकनीक आधारित अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में महराजगंज पुलिस ने सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) पोर्टल और आधुनिक तकनीकी संसाधनों की मदद से 101 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद किए गए इन मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान इन सभी बरामद मोबाइलों को उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिया गया। लंबे समय से खोए हुए अपने फोन वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली और उन्होंने महराजगंज पुलिस के इस प्रयास की सराहना की।
पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, इस विशेष अभियान के तहत विगत 08 महीनों में कुल 844 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी कुल अनुमानित बाजार कीमत लगभग 2 करोड़ 31 लाख रुपये है।
इस सफलता के संबंध में पुलिस अधीक्षक (एसपी) महराजगंज ने बताया कि आधुनिक तकनीक और CEIR पोर्टल के प्रभावी उपयोग से खोए हुए मोबाइलों को ट्रैक करना काफी आसान हुआ है, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिल रही है। पुलिस द्वारा आगे भी यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
