महराजगंज। यातायात माह के तहत पुलिस ने लोगों को सड़क नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए अनोखा तरीका अपनाया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के मार्गदर्शन और ट्रैफिक सीओ की देखरेख में शहर के अलग-अलग चौराहों-तिराहों के साथ शिकारपुर और सिंदुरिया चौराहे पर नुक्कड़ नाटक किया गया। इसमें यमराज और चित्रगुप्त के किरदार के जरिए लोगों को समझाया गया कि सड़क के नियम तोड़ने का अंजाम कितना भारी पड़ सकता है। नाटक के माध्यम से लोगों को साफ संदेश दिया गया कि गाड़ी चलाते वक्त हेलमेट और सीट बेल्ट जरूर लगाएं, रफ्तार काबू में रखें और सड़क पर पूरी सावधानी से चलें। महराजगंज पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे खुद भी नियमों का पालन करें और दूसरों की जान की भी फिक्र करें, क्योंकि सड़क सुरक्षा ही जीवन रक्षा है।
