राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस: 11 मई को भारत में हर साल राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस मनाया जाता है। तकनीक और विज्ञान के क्षेत्र में भारत ने कितनी तरक्की कर ली है और अब तक किन-किन बड़ी उपलब्धियों को हासिल किया है, इसे याद करने के लिए ही हर साल राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस सेलिब्रेट किया जाता है।
इसी राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन शक्ति का एक वीडियो शेयर किया है। उन्होंने आज से 24 साल पहले पोखरण में परमाणु परीक्षण को याद करते हुए वैज्ञानिकों की सराहना की है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा हम अपने प्रतिभाशाली वैज्ञानिकों और उनके प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं।
दरअसल, आज से 24 साल पहले 11 मई व 13 मई 1998 को राजस्थान के पोखरण में भारत ने लगातार परमाणु धमाके कर पूरी दुनिया को चौंका दिया था। ऑपरेशन शक्ति’ के तहत किए इन परीक्षणों के जरिए भारत ने अटल इरादों का परिचय देकर सशक्त भारत को और बुलंदी दी थी। इसके बाद से 11 मई का दिन हर साल ‘नेशनल टेक्नोलॉजी डे’ के रूप में मनाया जाता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पोखरण में परमाणु परीक्षण का वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहार वाजपेयी दिखाई दे रहे हैं, जो तत्कालीन रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडीस के साथ खुद परीक्षण स्थल पर गए थे। पीएम मोदी ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है, “आज राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर हम अपने प्रतिभाशाली वैज्ञानिकों और उनके प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं, जिसके कारण 1998 में पोखरण परीक्षण सफल हुआ।