लोकसभा चुनाव 2024: उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कराने की तैयारी है।
यूपी में लोकसभा चुनाव के पहले चरण की सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही नेताओं के चुनावी कार्यक्रम भी शुरू होने जा रहे हैं।
इसी कड़ी में आज से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पश्चिमी यूपी में भाजपा के लिए चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगे। पार्टी की ओर से तय किए गए कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री पांच दिनों में 15 जिलों का दौरा करेंगे। मुख्यमंत्री सबसे पहले तीन जिलों में प्रबुद्ध वर्ग के सम्मेलनों के साथ चुनाव प्रचार का आगाज करेंगे। पार्टी की ओर से तैयार कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री चुनावी रैली से पहले प्रबुद्ध सम्मेलन के जरिए माहौल बनाएंगे।
वे बुधवार को सबसे पहले मथुरा जाएंगे। वहां गोवर्धन चौराहा के पास मंगलम ग्रीन रिजाॅर्ट में प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित करने के बाद मेरठ पहुंचेंगे। वहां चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में प्रबुद्ध जनों से संवाद करेंगे। इसके बाद गाजियाबाद के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम नेहरू नगर में आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों के लिए लोकसभा चुनाव को देखते हुए आदर्श आचार संहिता भी लागू है।