महराजगंज के घुघली थाना क्षेत्र में बुधवार को एक युवक का शव शीशम के पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना बरवा खुर्द और बल्लो सिवान के बीच की बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही घुघली थाना पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को शीशम के पेड़ से नीचे उतरवाकर पुलिस ने अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान विकास पुत्र योगेंद्र, निवासी पचाड, थाना कप्तानगंज, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
