महराजगंज: जनपद के सिंदुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बलुईधुस में गुरुवार (23 अप्रैल 2026) को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक पर सवार तीन लोग—एक पुरुष, एक महिला और करीब पांच साल का बच्चा—गिट्टी लदे ट्रेलर की चपेट में आ गए। इस हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। नियमानुसार पंचायतनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
पुलिस ने ट्रेलर चालक और वाहन को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल मौके पर स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था कायम है।
इस पूरे मामले में अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा भी जानकारी दी गई है, जिसमें उन्होंने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।