
महराजगंज के थाना फरेन्दा पुलिस ने एक शातिर अभियुक्त को अवैध देशी तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक श्री शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ के मार्गदर्शन में अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता मिली है। फरेन्दा पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर किशन पुत्र इंद्रजीत विश्वकर्मा, उम्र करीब 25 वर्ष, निवासी ग्राम सिधवारी टोला हरिबंशपुर, थाना फरेंदा को धर दबोचा। जामा तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से 315 बोर का एक अदद देशी नाजायज तमंचा और एक अदद जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मधुकर सिंह, उपनिरीक्षक अरुण कुमार, उपनिरीक्षक मनीष कुमार राम, हेड कांस्टेबल हरिकेश नाथ यादव और हेड कांस्टेबल तेजप्रताप यादव शामिल रहे।