महराजगंज के श्यामदेउरवा पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है, जहां पुलिस ने ग्राम पंचायत सचिवालय में हुई चोरी का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए बदमाशों के पास से एक अवैध पिस्टल, कारतूस, चाकू और करीब 6 लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद हुआ है। इन दोनों का पुराना और बड़ा आपराधिक इतिहास रहा है। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के निर्देश पर श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह की टीम ने की है। मामला 18 मई 2026 की रात का है, जब चोरों ने ग्राम पंचायत बसहिया खुर्द के सचिवालय का ताला तोड़कर वहां रखे कंप्यूटर, सीपीयू, मॉनिटर, प्रिंटर, की-बोर्ड, माउस और सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर चुरा लिया था। पुलिस ने इस मामले में जांच करते हुए करीब 25 साल के अफरोज और 24 साल के अब्दुल अजीज को गिरफ्तार किया है, जो इसी इलाके के रहने वाले हैं और सिर्फ 8वीं तक पढ़े हैं। पुलिस ने जब इन्हें मोहम्मदपुर गांव के पास से पकड़ा, तो अफरोज के पास से एक .32 बोर की अवैध पिस्टल और कारतूस मिला, जबकि अब्दुल अजीज के पास से एक चाकू बरामद हुआ। चोरों की निशानदेही पर पुलिस ने सचिवालय से चोरी हुआ शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है। बरामद सामान में 5 कंप्यूटर मॉनिटर, 2 सीपीयू, एक प्रिंटर, 4 सोलर पैनल, एक लैपटॉप चार्जर, 3 टुल्लू पंप, एक डीवीआर, एक इंटरनेट डिवाइस, दो मोबाइल फोन, नकदी और चोरी में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल शामिल है। पूछताछ में सामने आया कि ये चोर बहुत ही शातिर तरीके से काम करते थे। ये पहले सरकारी दफ्तरों और इमारतों की दिन में रेकी करते थे, वहां के सुरक्षा इंतजामों, सीसीटीवी कैमरों और कीमती सामानों का पता लगाते थे और फिर रात के अंधेरे में सुनियोजित तरीके से धावा बोलकर सारा इलेक्ट्रॉनिक सामान उड़ा देते थे। इन दोनों आरोपियों पर पहले से ही लूट, जालसाजी, आर्म्स एक्ट और नशीले पदार्थों की तस्करी (NDPS) जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इस बड़ी बरामदगी के बाद पुलिस ने इनके खिलाफ चोरी के साथ-साथ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

