India

दिल्ली: भाजपा के खिलाफ आज पूरी दिल्ली में प्रदर्शन करेगी आप, होलिका दहन के साथ फूंका जाएगा पुतला

दिल्ली: लोकसभा चुनाव से पहले राजधानी दिल्ली की सियासत ज़बरदस्त गर्मा हुई है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ED की कस्टडी में है और बीजेपी ने घेराबंदी कर दी है। इस बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी रविवार को पूरी दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करेगी। इस दौरान होलिका दहन के समय पुतला फूंका जाएगा और कैंडल मार्च निकाला जाएगा।

आप के सांसद सौरभ भारद्वाज ने बताया कि पार्टी कार्यालय के चारों तरफ पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखी है और मंत्रियों तक को कार्यालय जाने से रोक रही है। इसका जवाब पुलिस अफसरों के पास नहीं है। देश में चुनाव अचार संहिता लागू है। सभी संस्थाएं चुनाव आयोग के अधीन आती हैं, तो फिर किसके आदेश पर पुलिस रोक रही है।

सांसद डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि केंद्र सरकार देश की संस्थाओं को खत्म कर रही है। जो भी भाजपा के खिलाफ बोलता है, उसके पीछे ईडी और सीबीआई छोड़ दी जाती है। विपक्ष के नेताओं को डराया जा रहा है। सरकार ने बिना किसी सबूत के पहले ही सत्येंद्र जैन, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह को गिरफ्तार कर रखा है। अब मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली की जनता सड़कों पर उतर आई है।

आम आदमी पार्टी ने शनिवार को दावा किया है कि दिल्ली शराब नीति घोटाले के 60 करोड़ का मनी ट्रेल भाजपा के खाते में मिला है। मंत्री व आप नेता आतिशी ने कहा कि इस मामले में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की गिरफ्तारी होनी चाहिए। चुनावी बांड की जानकारी सार्वजनिक होते ही भाजपा और शराब कारोबारी शरत रेड्डी के बीच मनी ट्रेल का लिंक सामने आ गया है। गिरफ्तारी से पहले शरत रेड्डी ने भाजपा को 4.5 करोड़ दिए थे और गिरफ्तारी के बाद 55 करोड़ रुपये दिए। आतिशी ने दावा किया कि ईडी की तरफ से मुख्य साजिशकर्ता बनाया गया शरत रेड्डी का पूर्व में बयान था कि वह अरविंद केजरीवाल को नहीं जानते, लेकिन बाद में पलट गए। अब रेड्डी के बयान के आधार पर सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी हुई है। इस मामले में दो साल से सीबीआई-ईडी की जांच चल रही है, लेकिन जांच में पैसा कहां गया, क्या घोटाला हुआ इस बारे में जांच एजेंसियां कोर्ट को कुछ बता नहीं पाईं।

फिलहाल ‘आप’ नेताओं और कार्यकर्ताओं के इस विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी है। सैंट्रल दिल्ली में ईडी दफ्तर, भाजपा मुख्यालय और आईटीओ की ओर जाने वाले रास्तों की ओर जाने वाली सड़कों को सुरक्षा के लिहाज से बंद कर दिया गया है। इन सभी स्थानों पर बड़ी संख्या में सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है और मल्टी लेयर बैरिकेडिंग की गई है। इन स्थानों पर ‘आप’ सदस्यों के मुख्यमंत्री केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में इकट्ठा होने की संभावना है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular

To Top