दिल्ली: केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ आज से AAP का नया अभियान शुरू, जारी किया व्हाट्सएप नंबर

दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस की। केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी द्वारा एक नया अभियान शुरू किया गया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सुनीता केजरीवाल ने एक व्हाट्सएप नंबर जारी किया है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल केजरीवाल को आशीर्वाद देने के लिए आप इस नंबर पर व्हाट्सएप करें। सुनीता केजरीवाल ने लोगों से अपील की है कि अपने संदेश इस पर भेजिए। आप किसी भी पार्टी से हों।

प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में सुनीता केजरीवाल ने कहा कि मैं सुनीता केजरीवाल अरविंद जी की धर्मपत्नी, कल अरविंद केजरीवाल ने जो कोर्ट में कहां वो आपने सुना होगा, अगर नहीं सुना तो कृपया एक बार सुनिए। उन्होंने जो कोर्ट के सामने बोला उसके लिए बहुत हिम्मत चाहिए। सच्चे देशभक्त हैं वो। बिल्कुल ऐसे ही हमारे स्वतंत्रता सेनानी अंग्रेजों की तानाशाही से लड़ते थे। पिछले तीस साल से मैं उनके साथ हूं, देशभक्ति उनके रोम-रोम में बसी है।

आगे कहा कि अरविंद केजरीवाल ने देश की सबसे भ्रष्टाचारी, तानाशाही ताकतों को ललकारा है। आपने अरविंद केजरीवाल को अपना भाई अपना बेटा कहा है, क्या आप इस लड़ाई में अपने भाई अपने बेटे का साथ नहीं देंगे। मुझे पूरा विश्वास है कि हम सब साथ मिलकर ये लड़ाई लड़ेंगे।

केजरीवाल की पत्नी सुनीता ने कहा कि मैं आपको एक व्हाट्सएप नंबर दे रही हूं। व्हाट्सएप नंबर 8297324624 है। आज से हम एक अभियान शुरू कर रहे हैं जिसका नाम ‘केजरीवाल को आशीर्वाद’ है। इस नंबर पर आप अपने केजरीवाल को आशीर्वाद, दुआएं और प्रार्थनाएं भेज सकते हैं। कोई और भी संदेश देना चाहें तो वो भी दे सकते हैं। कई माताओं ने तो अपने बेटे के लिए मन्नत मांगी है। कई बहनों ने भी अपने भाई के लिए मन्नत मांगी है। वो भी लिखकर भेज सकते हैं।

आपका मैसेज पढ़कर उनको बहुत अच्छा लगेगा। आपका एक-एक मैसेज उन तक पहुंचेगा। उन्होंने आगे कहा कि मैं आप सबके मैसेज उनको जेल में देकर आऊंगी। सभी युवा महिलाएं, बच्चे, बूढ़े, अमीर, गरीब सब लोग अपने भाई अपने बेटे अरविंद जी को कुछ न कुछ जरूर लिखें। इसके साथ ही इस नंबर का भी खूब प्रचार करें। और उन्हें मैसेज देने के लिए आपको आम आदमी पार्टी का होने के जरूरत नहीं है। आप किसी भी पार्टी से हों या कोई भी हों अरविंद जी को मैसेज जरूर भेजें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *