यूपी: बलिया में भाजपा पर गरजे अखिलेश यादव, बोले-भाजपा हराओ नौकरी पाओ….

बलिया: समाजवादी पार्टी अध्यक्ष और यूपी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव इन दिनों अन्तिम चरण के चुनावी प्रचार में जोरों शोरों से लगे हुए हैं। इसी क्रम में आज उन्होंने बलिया में एक जनसभा को संबोधित किया। सलेमपुर लोकसभा सीट के बेल्थरारोड स्थित जीएमएएम इंटर कॉलेज मैदान में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा कि पश्चिम से हवा चली थी। सातवें चरण में ज्यादा उत्साह से इंडी गठबंधन तेजी से आगे बढ़ रहा है।

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा है कि जो 400 का नारा दे रहे थे, वह 400 से हार कर जाएंगे। जनता का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। इस गुस्से का सामना भाजपा नहीं कर पाएगी। झूठे वादे करने वाले छठे चरण में 400 से हार रहे हैं। 140 सीटें जीतने जा रहे हैं। देश की जनता 140 पर इन्हें समेट देगी। किसानों से झूठ बोल कर सत्ता हथियाने वाली भाजपा किसानों को उनके उपज का लाभकारी मूल्य भी नहीं दिलवा सकी। खाद में चोरी की गई। जिस तरह से बडे़-बडे़ उद्योगपति भारत छोड़ कर चले गए उसी तरह से नैनो यूरिया वाले भी देश छोड़ कर चले जाएंगे। इंडिया गठबंधन की सरकार बनते ही किसानों का कर्ज माफ होगा। किसानों की एमएसपी को कानूनी दर्जा दिया जाएगा।


अखिलेश ने कहा कि इस सरकार में 10 से ज्यादा पेपर लीक हुए हैं। गरीबों पर भाजपा की सरकार बुलडोजर चलवा देती है, लेकिन पेपर लीक करने वालों पर बुलडोजर नहीं चला। जो नौजवान नौकरी के लिए तैयारी करते थे, इस सरकार ने चार साल की अग्निवीर की व्यवस्था कर नौजवानों का भविष्य बर्बाद कर दिया। इंडिया गठबंधन की सरकार बनते ही अग्निवीर व्यवस्था को समाप्त कर स्थायी नौकरी दी जाएगी। ये लोग युवाओं की नौकरी छीनने के बाद ये लोग अब संविधान भी छीनना चाहते हैं। संविधान बदलने वालों को आप लोग बदल दें।

अखिलेश यादव ने कहा कि जनता ने भाजपा का बैंड बजा दिया है। गठबंधन की सरकार बनने पर मित्र मंडल, मंत्रीमंडल के साथ ही मीडिया मंडल भी बदलेगा। गरीबों की एंबुलेस व 100 नंबर की गाड़ी हमारी सरकार ने चलवाई थी। उसे भी इन लोगों ने खराब कर दिया। भाजपा वालों ने बहुत झूठ बोले हैं। अब हार का इन्हें एहसास हो गया है। इसलिए इनकी जुबान भी लड़खड़ाने लगी है।

अखिलेश ने कहा कि चुनाव से पहले राशन, नमक, तेल दे रहे थे। अब इनके राशन की क्वालिटी घटिया हो गई है। हमारी सरकार बनने पर आटा के साथ डाटा भी फ्री देंगे। सरकारी नौकरी के 30 लाख पद खाली पडे़ हैं। हम नौजवानों को पक्की नौकरी देंगे। इन्हें आरक्षण के साथ खिलवाड़ नहीं करने देंगे। हम आरक्षण के साथ नौकरी देंगे। शिक्षामित्रों व 69 हजार अभ्यर्थियों की मदद करेंगे। इन लोगों ने किसानों को संकट में डाल दिया है। भाजपा हारेगी तो हमारा संविधान बचेगा। भाजपा हराओ नौकरी पाओ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *