बॉलीवुड: मुंबई क्राइम ब्रांच ने सलमान के घर के बाहर फायरिंग करने वाले दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार

बॉलीवुड: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। अभिनेता सलमान खान के मुंबई मे बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर गोली चलाने वाले दोनों आरोपी गुजरात के भुज से गिरफ्तार कर लिए गए हैं।

खबर के मुताबिक गुजरात पुलिस की टीम ने पश्चिमी कच्छ से दोनों को गिरफ्तार करने की पुष्टि की है। मुंबई क्राइम ब्रांच दोनों आरोपियों को लेकर आज सुबह रवाना होगी। दोनों से मुंबई में पूछताछ की जाएगी। मामले की जांच कर रही मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम को यह बड़ी सफलता देर रात मिली।

पूरे मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मामले की जांच मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच कर रही है। जांच क्राइम ब्रांच को सौंपे जाने से पहले बांद्रा पुलिस के अधिकारी ने बताया, भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 307 (हत्या का प्रयास) और शस्त्र अधिनियम के तहत ‘अज्ञात व्यक्ति’ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

सलमान को रविवार को हुई फायरिंग से पहले मिली धमकियों के मद्देनजर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई पुलिस कमिश्नर से भी बात कर सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश दिया। सलमान खान से जुड़े एक अन्य अहम घटनाक्रम में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, शूटरों ने कुछ दिन पहले बांद्रा में सलमान के आवास गैलेक्सी अपार्टमेंट की रेकी की थी। बता दें कि अभिनेता सलमान के आवास के बाहर बाइक पर सवार दो लोगों ने रविवार को फायरिंग की थी। इस मामले में गैंगस्टर लॉरेंस विश्ननोई से जुड़े लोगों का नाम भी सामने आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *