Bollywood

ERR NEWS EXCLUSIVE: कानपुर से भी निकला राज कुंद्रा का कनेक्शन, शहर के इन दो बैंक खातों में आता था काला धन

पोर्नोग्राफी केस: पोर्न वीडियो बनाने के मामले में फंसे शिल्पा शेट्टी के पति और बिजनेसमैन राज कुंद्रा  इन दिनों अश्लील फिल्में बनाने के आरोप में बुरी तरह फंसते जा रहे हैं। आए दिन मामले में नई कड़ियां जुड़ रही हैं और लगातार उनकी मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। राज कुंद्रा का कानपुर कनेक्शन भी सामने आया है। राज कुंद्रा की कंपनी की कमाई का हिस्सा कानपुर में उनके दो क्लाइंट के खातों में आता था। बर्रा और कैंट स्थित बैंकों में खुले खातों में दर्जनों बार लेनदेन के सबूत मिले हैं।

शुक्रवार को मुंबई क्राइम ब्रांच के निर्देश पर ये खाते सीज कर दिए गए। इनके खातों में 2.38 करोड़ रुपये जमा हैं। मुंबई पुलिस ने राज कुंद्रा के 11 सहयोगियों के 18 बैंक खाते सीज किए हैं। इनमें 7.31 करोड़ रुपये जमा हैं। इनमें दो नाम कानपुर के निकले। इनमें से एक नर्बदा श्रीवास्तव का खाता कैंट स्थित भारतीय स्टेट बैंक में है। इस खाते में पांच लाख 59 हजार 151 रुपये जमा हैं। तथा दूसरी हर्षिता श्रीवास्तव नाम की महिला है। हर्षिता का खाता बर्रा स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में है। इस खाते में दो करोड़ 32 लाख 45 हजार 222 रुपये जमा हैं।

बैंकों के सूत्रों से पता चला है कि दोपहर करीब तीन बजे सादे कपड़ों में कुछ लोग  बैंक शाखा मे आए थे। बेहद ही गोपनीय तरीके से करीब एक घंटे शाखा प्रबंधकों के साथ वार्तालाप हुई। इसके बाद इनके खाते सीज कर दिए गए। हालांकि, बैंकों ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की। सूत्र बताते हैं कि राज कुंद्रा की कंपनियों का पैसा इनके खातों में ट्रांसफर होता था। मुंबई पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि मुंबई से दूर कानपुर के बर्रा और कैंट क्षेत्र के बैंकों में खाते खुलवाने का क्या मकसद हो सकता है।

पुलिस के मन मे कई सवाल आ रहे हैं कि आखिर ये लोग राज कुंद्रा के पोर्न एप हॉटशॉट्स के सब्सक्राइबर बढ़वाते थे या फिर मॉडलिंग के नाम पर पोर्न फिल्मों में काम करवाने के लिए लड़कियों को फंसाने का काम करते थे।

Most Popular