गोवा विधानसभा चुनाव: अमित शाह आज गोवा में करेंगे तीन इनडोर जनसभाएं, गुजरात में महात्मा गांधी के कुल्हड़ से बने विशाल भित्ति चित्रों का अनावरण करेंगे

गोवा विधानसभा चुनाव: रविवार को गोवा विधानसभा चुनाव के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज गोवा के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान उनका राज्य के तीन विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग इनडोर जनसभाओं को संबोधित करने का कार्यक्रम है। भाजपा ने गोवा की सभी 40 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। जिसमें पोंडा से रवि नाइक, सनवोर्डेम से गणेश गांवकार और वास्को विधानसभा क्षेत्र से दाजी सालकर जैसे नाम शामिल हैं।

भाजपा के गोवा इकाई के अध्यक्ष सदानंद तनवड़े ने कहा कि अपनी यात्रा के दौरान गृह मंत्री तीन जनसभाओं को संबोधित करेंगे। केंद्रीय मंत्री शाम 4.30 बजे पोंडा में पहली जनसभा को संबोधित करेंगे, इसके बाद शाम 6.30 बजे सनवोर्डेम में इसी तरह के एक अन्य कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इसी की साथ उनकी तीसरी जनसभा वास्को में रात आठ बजे होगी। उन्होंने कहा कि हम वास्को में अम्ब्रेला अभियान भी शुरू करेंगे।

कोविड-19 प्रोटोकॉल के अंतर्गत, चुनाव आयोग ने पिछले हफ्ते पांचों चुनावी राज्यों में रैलियों और रोड शो पर लगाए प्रतिबंध को 31 जनवरी तक बढ़ा दिया था, लेकिन पहले चरण में चुनाव होने वाले निर्वाचन क्षेत्रों में अधिकतम 500 लोगों के साथ सार्वजनिक सभा की अनुमति दी थी। इसके अलावा राजनीतिक दलों के इनडोर बैठकों में केवल 50 प्रतिशत क्षमता को ही सम्मलित होने की अनुमति दी थी। राज्य में मतदान 14 फरवरी को होना है।

अमित शाह महात्मा गांधी के मिट्टी के कुल्हड़ से बने विशाल भित्ति चित्र का रविवार को अनावरण करेंगे। खादी और ग्रामोद्योग आयोग ने कहा कि साबरमती नदी के किनारे बने इस भित्ति चित्र में कुल 2,975 कुल्हड़ का उपयोग किया गया है। आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि इस भित्ति चित्र के निर्माण के लिए देशभर के 75 कुम्हारों को लगाया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *