फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में शनिवार की सुबह एक किसान की हत्या कर दी गई। कुत्ता के काटने पर हुए विवाद के बाद पड़ोसी युवक ने उसे तीन गोलियां मारीं, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हत्या की सनसनीखेज वारदात थाना सिरसागंज क्षेत्र के गांव तिलियानी में हुई है। यहां किसान राम कुमेश की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोपी पड़ोसी युवक दीपा पर है। बताया गया है कि गुरुवार रात रामकुमेश के भतीजे कृष्णा को आरोपी दीपा के पालतू कुत्ते ने काट लिया था। जिसके बाद दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया।
आरोप है कि शनिवार की सुबह तकरीबन आठ बजे दीपा ने राम कुमेश पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। राम कुमेश को तीन गोलियां लगी हैं। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी युवक फरार हो गया। हत्या की वारदात से गांव में सनसनी फैल गई। मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है, और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।