Uttar Pradesh

लखनऊ: आपरेशन कराकर बने किन्नर की चाकू गोदकर हत्या, चाकू से सिर व कलाई पर किया गया वार, साथ में रहने वाले पर संदेह

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के मड़ियांव के पल्टन छावनी इलाके में किराए पर रहने वाले आयुष्मान सिंह उर्फ जोया उर्फ शुभम (25) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई है। उसका शव बुधवार दोपहर को कमरे में पड़ा मिला। एडीसीपी उत्तरी प्राची सिंह के मुताबिक राजाजीपुरम में संजीव कुमार सिंह परिवार सहित रहते हैं। उनका बेटा आयुष्मान सिंह उर्फ शुभम उर्फ जोया किन्नराें के साथ रहकर ढोल बजाने का काम करता था। आयुष्मान मड़ियांव इलाके के पल्टन छावनी में किराए पर रहता था। उसके साथ फैजान भी रहता था।

बुधवार दोपहर को पुलिस को सूचना मिली की कमरे में बदबू आ रही है। मौके पर पहुंचे मड़ियांव इंस्पेक्टर वीर सिंह ने कमरा खोलकर अंदर देखा तो आयुष्मान का शव पड़ा था। कमरे से काफी बदबू आ रही थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी बुला लिया था। वहीं परिजन भी मौके पर पहुंच गये। पिता संजीव कुमार सिंह ने साथ में रहने वाले फैजान पर हत्या का आरोप लगाया है। उसके खिलाफ तहरीर दी है। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

एडीसीपी उत्तरी प्राची सिंह के मुताबिक आयुष्मान की हत्या सोमवार रात करीब एक से दो के बीच हुई है। पुलिस ने जब शव का परीक्षण शुरू किया तो आयुष्मान की कलाई पर कटे के निशान थे। लेकिन सिर पर कई जगह चाकू के वार के निशान मिले। पुलिस के मुताबिक वारदात को अंजाम देने के बाद इसे आत्महत्या साबित करने की साजिश रची गई है। जिसके तहत उसके कलाई काटी गई है। पुलिस इस मामले में हर पहलुओं पर जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक राजाजीपुरम निवासी आयुष्मान सिंह सामान्य युवक था। पूछताछ में सामने आया कि उसकी पहचान कुछ किन्नरों से हो गई थी। जिसके बाद उसने अपना आपरेशन कराया। इसके बाद किन्नरों के गुट में शामिल हो गया। उसने परिवार से भी रिश्ता करीब खत्म ही कर लिया था। हालांकि परिजन उसे इस काम के लिए लगातार मना करते रहे हैं। आयुष्मान की हत्या की सूचना पर मां व पिता मौके पर पहुंचे। एडीसीपी उत्तरी के मुताबिक हत्या करीब 48 घंटे पहले की गई है। चाकू से सिर व कलाई पर वार किया गया। पिता संजीव की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी फैजान की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Most Popular