हिमाचल: हिमाचल मे विधानसभा चुनाव मे जुटी कांग्रेस, परिवर्तन प्रतिज्ञा महारैली से हिमाचल में प्रियंका गांधी करेंगी चुनावी शंखनाद 

हिमाचल: हिमाचल मे आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने भी कमर कसना शुरू कर दिया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी परिवर्तन प्रतिज्ञा महारैली से हिमाचल में चुनावी शंखनाद करेंगी। 14 अक्तूबर को सोलन के ठोडो मैदान में होने वाली रैली को कांग्रेस ने परिवर्तन प्रतिज्ञा महारैली का नाम दिया है। इसमें शिमला, सोलन और सिरमौर जिले से कार्यकर्ताओं को लाने का नेताओं को जिम्मा सौंपा गया है।

सभी पार्टी पदाधिकारियों, विधायकों और पूर्व विधायकों को भी रैली में मौजूद रहना जरूरी किया गया है। गुरुवार को सुक्खू और मुकेश सहित पार्टी के अधिकांश बड़े नेताओं के शिमला पहुंचने के आसार हैं। पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला 14 अक्तूबर को सोलन ही आएंगे। प्रियंका गांधी की रैली से पहले वीरवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में पार्टी के बड़े नेताओं की एक बैठक होने की संभावना भी है।

आज शिमला जिले के कांग्रेस अध्यक्ष, शिमला शहरी व ग्रामीण व शिमला जिला के सभी ब्लॉक अध्यक्षों के साथ रैली की रणनीति बनाई जाएगी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और प्रदेश मामलों के सह प्रभारी संजय दत्त आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रियंका गांधी की 14 अक्तूबर को सोलन में होने वाली रैली की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।