Sport

T20 WC: महिला टी20 विश्व कप के लिए हुई भारतीय टीम की घोषणा, हरमनप्रीत कौर करेंगी टीम की अगुआई

महिला टी20 विश्व कप: टी20 विश्व कप 2024 का आयोजन यूएई में 3 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक किया जायेगा। इस बीच आज आगामी आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2024 के लिए भारत की टीम की घोषणा हो चुकी है। मंगलवार को बीसीसीआई ने टीम की घोषणा की। हरमनप्रीत कौर टीम की अगुआई करेंगी। वहीं, स्मृति मंधाना टीम की उपकप्तान होंगी। महिला चयन समिति ने 15 सदस्यीय टीम का चयन किया।

इस टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण है। चयनकर्ताओं ने एक बार फिर शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की ओपनिंग जोड़ी पर भरोसा जताया है। वहीं, मध्यक्रम की जिम्मेदारी कप्तान हरमनप्रीत, जेमिमा, दीप्ति और ऋचा पर होगी। पूजा और श्रेयंका पर मैच फिनिश करने की जिम्मेदारी होगी। स्पिन की जिम्मेदारी अनुभवी दीप्ति, राधा और आशा के कंधों पर होगी। हरमनप्रीत कौर चौथी बार इस टूर्नामेंट में कप्तानी करती दिखेंगी। वह 2018, 2020 और 2023 महिला टी20 विश्व कप में भी भारतीय टीम की कमान संभाल चुकी हैं।

महिला टी20 विश्व कप 2024 के लिए भारत की टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), पूजा वस्त्राकर, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह ठाकुर, दयालन हेमलता, आशा शोभना, राधा यादव, श्रेयंका पाटिल, सजना सजीवन।

बता दें कि महिला टी20 विश्व कप इस साल संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित किया जाएगा। टूर्नामेंट का यह नौवां संस्करण तीन से 20 अक्तूबर तक दुबई और शारजाह में खेला जाएगा। भारत को ग्रुप ए में ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका के साथ रखा गया है। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत चार अक्तूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ करेगी। वहीं, भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला छह अक्तूबर को खेला जाएगा। यह दोनों मुकाबले दुबई में खेले जाएंगे।

महिला टी20 विश्व कप में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी। इन्हें दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप ए में ऑस्ट्रेलिया, भारत, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका की टीमों को रखा गया है। वहीं, ग्रुप बी में दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, बांग्लादेश और स्कॉटलैंड की टीमें शामिल हैं।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular

To Top