यूपी: जल्लाद पति ने शराब के लिए लाठी,डंडे व कुल्हाड़ी से वार कर ली पत्नी की जान, जानें पूरा मामला

सोनभद्र: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। चोपन थाना क्षेत्र के पटवध गांव में शराब पीने के लिए पैसे न मिलने से गुस्साए पति ने पत्नी को लाठी- डंडे और कुल्हाड़ी से वार कर निर्मम हत्या कर दी। बीच- बचाव में आई बेटी को भी घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, पटवध गांव में पंचमुखी मंदिर के पास कौलेश्वर चेरो अपने परिवार के साथ रहता है। महाराजी (32) पत्नी कौलेश्वर चेरो महिला जंगल से सुखी लकड़ी काट कर अपने बच्चों का पालन पोषण करती थी। शुक्रवार की रात उसकी पत्नी महाराजी (32) लकड़ी बेचकर घर लौटी तो कौलेश्वर उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। महाराजी ने इंकार किया तो उसकी पिटाई करने लगा। इसके बाद वह रुपये छीनकर चला गया। रात करीब दस बजे वह नशे में धुत होकर घर पहुंचा तो फिर पत्नी को पीटने लगा। घर में मौजूद 12 वर्षीय बेटी अपनी मां को बचाने आई तो कौलेश्वर ने उसकी भी पिटाई की। इसके बाद वह घर के बाहर चली गई। देर रात लाठी-डंडे से पीटकर पति ने महाराजी की जान ले ली।

सुबह घटना की जानकारी मिलने पर चोपन एसओ विश्वनाथ प्रताप सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। छानबीन के बाद शव को कब्जे में ले लिया। सीओ ने बताया कि नशे में धुत पति ने लाठी-डंडे से पीटकर महिला की जान ली है। उसके पैर पर कुल्हाड़ी से भी वार किए जाने के निशान मिले हैं। आरोपी पति को गिरफ्तार करते हुए हत्या में प्रमुख लाठी भी बरामद कर ली गई है। महिला के पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *