

महराजगंज पुलिस ने ऑनलाइन ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कामयाबी पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी और अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में साइबर थाना पुलिस को मिली है, जबकि इस गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है। पकड़े गए आरोपी लोगों को डॉलर को भारतीय रुपए में बदलने का लालच देते थे और फिर साइबर ठगी का पैसा अपने और अपने जानने वालों के बैंक खातों में मंगवा लेते थे। रकम खाते में आते ही ये लोग उसे निकाल कर आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और एक नेपाली सिम कार्ड बरामद किया है। इन दोनों के खिलाफ महराजगंज के साइबर क्राइम थाने में धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सोनौली थाना क्षेत्र के जुगौली निवासी अकिल और उसके बेटे तौसिफ के रूप में हुई है। इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में साइबर थाने के इंस्पेक्टर सजनू यादव, सब-इंस्पेक्टर सचिन कुमार, कांस्टेबल पीयूषनाथ तिवारी, प्रदीप कुमार और संतोष शर्मा शामिल रहे।