इंडिया मेगा रैली: लोकसभा चुनाव से पहले I.N.D.I.A. ब्लॉक के 27 दल रविवार यानि आज दिल्ली के रामलीला मैदान में लोकतंत्र बचाओ रैली कर रहे हैं। केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल रामलीला मैदान में रैली में शामिल हुईं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी इस रैली में शामिल होने के लिए पहुंची हैं। रैली में सीएम केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल सीएम केजरीवाल का संदेश पढ़ेंगी।
आप पार्टी ने दावा किया है कि ईडी कस्टडी से अरविंद केजरीवाल ने देश के लिए संदेश दिया है। जिसको उनकी पत्नी पूरे देश के सामने पढ़ेंगी। उधर, रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की महारैली में बस से आने वाले कार्यकर्ताओं को राजघाट के पास ही उतार दिया गया जहां से लोगों की भीड़ ट्रैफिक के बीच से होकर रैली स्थल तक पहुंची।
आप नेता दुर्गेश पाठक ने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। जो भी भाजपा सरकार के खिलाफ बोलता है या देश में विकल्प की बात करता है, उसे किसी भी फर्जी मामले में गिरफ्तार कर लिया जा रहा है। पूरा देश इसके खिलाफ इकट्ठा हुआ है। हम सब यह बताने के लिए इकट्ठा हुए हैं कि देश संविधान के हिसाब से चलेगा, न कि ‘वसूली गैंग’ के हिसाब से।
आप मंत्री आतिशी ने कहा, केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में देशभर से लोग आ गए हैं। दिल्ली की जनता जानती है कि अरविंद केजरीवाल ने उनकी जिंदगी बदल दी है। वे गिरफ्तार हैं, फिर भी उन्हें दिल्ली की चिंता है और उनके लिए संदेश भेज रहे हैं।
