टी20 वर्ल्ड कप: ऑस्ट्रेलिया में क्रिकेट जगत से जुड़ी एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी में खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप 2022 के बीच श्रीलंकाई क्रिकेटर दनुष्का गुणातिलक पर रेप का आरोप लगा है। इसी के चलते सिडनी पुलिस ने इस क्रिकेटर को गिरफ्तार भी कर लिया है। श्रीलंका क्रिकेट (SLC) के सूत्रों के मुताबिक, एक महिला ने दनुष्का पर रेप का आरोप लगाया है। उसकी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए 31 साल के दनुष्का को सिडनी में गिरफ्तार कर लिया गया है।
बता दें कि श्रीलंकाई टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2022 के सुपर-12 में जगह बनाई थी। उसने ग्रुप-1 में अपना आखिरी मैच शनिवार (5 नवंबर) को इंग्लैंड के खिलाफ खेला था। इस मैच के दौरान दनुष्का टीम के साथ ही थे। मैच में श्रीलंका को हार मिली इसी मुकाबले के बाद दनुष्का को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। श्रीलंका टीम इस बार टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सकी है इसके कारण ही टीम अब अपने देश लौट गई है। मगर उनके साथ दनुष्का नहीं हैं, क्योंकि उन्हें गिरफ्तार किया जा चुका है।
दरअसल, दनुष्का श्रीलंकाई टीम के साथ ही वर्ल्ड कप खेलने के लिए ऑस्ट्रेलिया पहुंचे थे। मगर चोट के कारण वह बीच में ही टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। इसके बाद उनकी जगह अशेन बंडारा को टीम में रिप्लेस किया गया था। श्रीलंकाई टीम ने अपने ग्रुप-12 में पांच मैच खेले, जिसमें सिर्फ दो ही जीते थे। इस तरह टीम 4 पॉइंट्स के साथ सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गई। टीम ने अपना आखिरी मैच इंग्लैंड के खिलाफ खेला, जिसमें 4 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी।
