यूपी: उत्तर प्रदेश में दो अप्रैल 2024 को राज्यसभा के 10 सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। इसमें से भाजपा के नौ और सपा की एक सांसद जया बच्चन शामिल हैं। अखिलेश यादव ने जया बच्चन को फिर से राज्यसभा सांसद बनाने का मन बना लिया है।
सपा ने जया बच्चन को पांचवीं बार राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया है। वह सोमवार या मंगलवार को पर्चा भर सकती हैं। वह वर्ष 2004 से सपा की राज्यसभा सदस्य हैं। इसके अलावा सपा दो और प्रत्याशियों को उतारेगी। इनमें सपा महासचिव रामजी लाल सुमन का नाम भी आगे बताया जा रहा है।
सपा को राज्यसभा की तीन सीटें जीतने के लिए 112 मत चाहिए। इस चुनाव में विधायक मतदान करेंगे। सपा के पास वर्तमान में 108 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के दो विधायकों का समर्थन भी उसे मिलना तय है। यूपी में राज्यसभा की दस सीटों के लिए निर्वाचन से पहले बीजेपी ने 7 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है। जबकि समाजवादी पार्टी भी जल्द ही पार्टी उम्मीदवारों की सूची जारी कर सकती है।