यूपी: योगी सरकार ने प्रदेश के करीब 12 लाख पेंशनरों को दिया होली गिफ्ट, 4% बढ़ी महंगाई राहत

खुशखबर: लोकसभा चुनाव और होली से पहले उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेश के करीब 12 लाख पेंशनरों व पारिवारिक पेंशनरों को महंगाई भत्ता (डीए) की सौगात दी है। केंद्र के बाद प्रदेश सरकार ने भी महंगाई भत्ते में चार फीसदी बढ़ोतरी की है। इस तरह महंगाई भत्ता 46 प्रतिशत से बढ़कर 50 प्रतिशत हो गया है।
राज्य कर्मचारियों को चार फीसदी महंगाई भत्ता देने के बाद पेंशनरों को भी महंगाई राहत देने का आदेश जारी कर दिया गया है। ये आदेश एक जनवरी 2024 से प्रभावी होगा। जनवरी, फरवरी का एरियर भी पेंशनरों को मिलेगा।

विशेष सचिव नील रतन कुमार ने शुक्रवार देर शाम इसका आदेश जारी कर दिया। महंगाई राहत में वृद्धि का लाभ करीब 12 लाख पेंशनरों को मिलेगा। ये आदेश प्राविधिक शिक्षा विभाग के तहत आने वाले कर्मचारियों और शिक्षकों पर भी लागू होगा।ये आदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों, सार्वजनिक उपक्रमों और स्थानीय निगमों पर लागू नहीं होगा। उनके लिए संबंधित विभाग अलग से आदेश जारी करेंगे।

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी के राज्य कर्मचारियों और पेंशनरों को महंगाई भत्ते में चार फीसदी वृद्धि पर सहमति दे दी थी। तीन दिन पहले कर्मचारियों के लिए आदेश जारी हो गया था। राज्य कर्मचारियों को भी अब 46 की बजाय 50 फीसदी की दर से महंगाई भत्ता मिलेगा। यह आदेश एक जनवरी 2024 से प्रभावी होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *