भारत जोड़ो यात्रा: कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज तेलंगाना में प्रवेश करेगी, 16 दिन बाद महाराष्ट्र पहुंचेगी, शरद पवार करेंगे स्वागत

भारत जोड़ो यात्रा: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का आज 46वां दिन है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को दक्षिण भारत में अपार समर्थन मिल रहा है। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का आज कर्नाटक चरण पूरी तरह से समाप्त होगा। इसके बाद यह यात्र तेलंगाना में प्रवेश करेगी।

जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह होते ही यात्रा कर्नाटक के यरमारस से फिर से शुरू हुई। यहां से महबूबनगर होते हुए यह यात्रा तेलंगाना में प्रवेश करेगी। कांग्रेस पदाधिकारियों के अनुसार, यात्रा महबूबनगर के गुडेबेल्लूर में रुकेगी, यहां राहुल गांधी दिन भर रुकेंगे। मिली जानकारी के मुताबिक, तेलंगाना में प्रवेश करने के बाद राहुल गांधी समेत अन्य पदयात्री 16 दिनों तक राज्य में रहेंगे और मकथल, नारायणपेट, कोंडगल, पारगी, विकाराबाद, सदाशिवपेट, शंकरमपेट और मदुर होते हुए 376 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। इसके बाद भारत जोड़ो यात्रा महाराष्ट्र में प्रवेश कर जाएगी।

बता दें, राहुल गांधी ने सात सितंबर को कन्याकुमारी से अपनी पदयात्रा शुरू की थी। उन्होंने 30 सितंबर को गुंडलुपेट के रास्ते कर्नाटक में प्रवेश किया था। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का एनसीपी चीफ शरफ पवार महाराष्ट्र में स्वागत करेंगे। रविवार को उन्होंने कहा, भारत जोड़ो यात्रा जब महाराष्ट्र में प्रवेश करेगी तो वह उसमें भाग लेंगे। उन्होंने कहा, इस यात्रा माध्यम से समाज में सद्भाव लाने का प्रयास किया जा रहा है।