मंकीपॉक्स वायरस: भारत में मंकीपॉक्स वायरस तेजी से पांव पसारने लगा है। देश में अब तक मंकीपॉक्स के आठ मामले सामने आए हैं। इनमें से पांच मरीजों का विदेश यात्रा का इतिहास है। देश में पहला मामला केरल में विदेश से आया एक शख्स मे पाया गया था। पर अब राजधानी दिल्ली में मंकीपॉक्स का तीसरा मामला सामने आया है।
इससे पहले सोमवार को दिल्ली में 35 वर्षीय एक नाइजीरियाई व्यक्ति में मंकीपॉक्स का संक्रमण मिला था। उसने हाल में कोई विदेश यात्रा नहीं की है। आज मिले संक्रमित के साथ ही दिल्ली में मंकीपॉक्स का यह तीसरा मामला है। संक्रमित व्यक्ति को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एलएनजेपी अस्पताल मंकीपॉक्स के इलाज के लिए नोडल अस्पताल है। सूत्रों के अनुसार उसे पिछले पांच दिनों से बुखार था और शरीर पर फफोले पड़ गए थे। उसके सैंपल को जांच के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (एनआईवी), पुणे भेजा गया था। रिपोर्ट सोमवार शाम को आई जिसमें वह संक्रमित पाया गया है।
राजधानी दिल्ली के लोकनायक अस्पताल के एमडी डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि अस्पताल में भर्ती पहले मंकीपॉक्स संक्रमित मरीज को आज छुट्टी मिल गई है। उन्होंने बताया कि मरीज पूरी तरह से ठीक है। मरीज की तबीयत ठीक है, उसके शरीर के लाल दाने भी ठीक हो गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मडाविया ने बताया है कि संक्रमण को हराने के लिए नेशनल टास्क फोर्स का गठन किया गया है।
