Uttar Pradesh

सफाई कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन, शहर में नहीं लगी झाड़ू

सीतापुर। बकाया भुगतान सहित कई मांगों को लेकर नगर पालिका सीतापुर के सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार को कार्य बहिष्कार करके पालिका कार्यालय में प्रदर्शन किया। इसकी वजह से शहर में झाड़ू नहीं लगी। बारिश की किचकिच में लगे कूड़े के ढेर नहीं उठे। ऐसे में शहर में जगह-जगह गंदगी नजर आई। लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

जिले में सफाई कर्मचारियों की कई मांगे लंबे समय से लंबित हैं। इसे लेकर सफाई कर्मचारी कई बार धरना प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन पालिका के जिम्मेदारों ने समस्याओं का निस्तारण नहीं किया। इससे नाराज सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार को एक बार फिर संयुक्त मोर्चा संघ के बैनर तले नगर पालिका परिसर में प्रदर्शन किया और सफाई कार्य से विरत रहे।

इससे बारिश के चलते गंदा पड़ा शहर और बदहाल हो गया। कीचड़ में कूड़ा फैलने से गंदगी का अंबार लग गया, बाजार में दुकानों के समाने कूड़े के ढेर लग गए। मोहल्लों के लोगों ने कूड़ा तो डाला, लेकिन कोई उठाने नहीं आया। शहर के सहगल धर्मशाला, प्रेम नगर रोड, तामसेजगंज टंडन रोड, जिला महिला अस्पताल, सिविल लाइंस, रोटीगोदाम आदि स्थानों के साथ ही पूरे शहर में जगह-जगह कूड़ा लगा रहा l
सुबह कामकाज ठप करके सफाई कर्मचारी नगर पालिका परिसर में एकत्र होकर प्रदर्शन करने लगे। इसकी जानकारी मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष राधेश्याम जायसवाल और ईओ गुरुप्रसाद पांडेय कर्मचारियों के बीच पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों की समस्या सुनी और जल्द ही निस्तारण का भरोसा दिया। दोनों जिम्मेदारों के आश्वासन पर संयुक्त मोर्चा संघ ने प्रदर्शन खत्म कर दिया। आश्वासन पर जल्द अमल न होने पर दोबारा आंदोलन करने की चेतावनी दी। मौके पर संघ के संरक्षक सभासद धीरज पांडेय, मंडल महासचिव संतोष कुमार, महामंत्री अमन कुमार, मंत्री राजकुमार लाला, प्यारे लाल, मनोज, पवन आदि मौजूद थे l
अध्यक्ष गोपाल कृष्ण ने बताया कि पालिका में मृतक आश्रितों की नौकरी लटकी है। संविदा कर्मचारियों के ईपीएफ और परमानेंट कर्मचारियों के एसीपी व प्रमोशन में समस्या है। पालिका रिटायर्ड कर्मचारियों के देयकों का भुगतान नहीं कर पाई है। इन समस्याओं के निस्तारण के लिए कर्मचारी लंबे समय से मांग कर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular

To Top