पीटी उषा: बुधवार (20 जुलाई) को उच्च सदन में राज्यसभा की नई मनोनीत सांसद और पूर्व ओलंपिक ट्रैक एंड फील्ड एथलीट पीटी उषा ने शपथ ली। उन्हें राज्यसभा अध्यक्ष वेंकैया नायडू ने शपथ दिलवाई। केरल के कोझीकोड जिले के एक छोटे से गाँव में जन्मी पीटी उषा भारत की सबसे प्रतिष्ठित खिलाड़ियों में से एक हैं।
पीटी उषा देश भर में उन लाखों युवा लड़कियों के लिए एक रोल मॉडल और प्रेरणा रही हैं, जिन्होंने खेल, विशेष रूप से ट्रैक और फील्ड स्पर्धाओं में अपना करियर बनाने का सपना देखा है। पीटी उषा ने 1984 ओलंपिक खेलों में चौथा स्थान हासिल किया था। पीटी उषा को 1983 में अर्जुन अवॉर्ड और 1985 में देश के चौथे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। अब उन्हें राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया है।
राज्यसभा के 245 में से 12 सदस्यों को राष्ट्रपति द्वारा निर्वाचित किया जाता है। कला, साहित्य, ज्ञान, खेल और सामाजिक सेवाओं में विशिष्ट योगदान देने वाले शख्स को सांसद के रूप में चुना जाता है। इन सांसदों के पास राष्ट्रपति चुनाव में वोट डालने का अधिकार नहीं होता है। राज्यसभा के मनोनित होने वाले पहले खिलाड़ी महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर थे।
