यूपी: गांव के परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को अब मिलेगी  ग्रह-नक्षत्र की जानकारी, 40 स्कूलों में बनेगी डिस्कवरी लैब, यहाँ देखें लिस्ट….

वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में खगोलीय विज्ञान की जानकारी प्राथमिक स्तर पर देने के लिए गांव के परिषदीय विद्यालयों के बच्चों के लिए डिस्कवरी लैब की स्थापना की जाएगी। बच्चों को खगोलीय विज्ञान की जानकारी प्राथमिक स्तर पर देने के लिए महानिदेशक स्कूली शिक्षा विजय किरण आनंद के आदेश के बाद अब जिले के 40 स्कूलों में डिस्कवरी लैब बनाने का फैसला लिया गया है। इससे बच्चों को ग्रह-नक्षत्र की जानकारी मिलेगी l

जिले के आठ ब्लॉकों में डिस्कवरी लैब बनाने के लिए विभिन्न ब्लॉकों से पांच स्कूलों का चयन किया गया है, जिसमें एक विद्यालय के लिए साढ़े तीन रुपये की धनराशि अवमुक्त की जाएगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर खंड शिक्षा अधिकारियों की बैठक में सभी ने अपने-अपने ब्लॉक के पांच स्कूलों की सूची बीएसए को उपलब्ध करा दी है।

डिस्कवरी लैब में स्मार्ट गैजेट इंस्टॉल किए जाएंगे। कक्ष में टीवी के साथ अन्य उपकरण भी लगाए जाएंगे। डिस्कवरी कक्ष में थ्री डी चश्मे भी दिए जाएंगे। इसके साथ ही विज्ञान विषय के विशेषज्ञ को बैठाकर बच्चों को जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को बौद्धिक क्षमता का विकास करना है।

डिस्कवरी लैब के माध्यम से तारामंडल की जानकारी, ग्रह नक्षत्र की स्थिति और ग्लोब की संरचना समेत अन्य तमाम तरह की जानकारी परिषदीय विद्यालय के बच्चों को प्रदान की जाएगी। डिस्कवरी लैब में बच्चों को प्रोजेक्टर के माध्यम से सौरमंडल की जानकारी दी जाएगी। एक विद्यालय में डिस्कवरी लैब को बनाने में 3.5 लाख रुपये का खर्च आएगा। जिले के 40 स्कूलों में लैब तैयार करने में एक करोड़ 40 लाख का खर्च आएगा।
ये है स्कूलों की सूची…
उच्च प्राथमिक विद्यालय ठठरा, कंपोजिट स्कूल करधना, उच्च प्राथमिक विद्यालय अमीनी, कंपोजिट स्कूल बेहसूपुर, कंपोजिट विद्यालय देहली विनायक, उच्च प्राथमिक विद्यालय मेहंदीगंज, भतसार, कपरफोड़वा, ढढोरपुर, पयागपुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय मंगारी, सिंधोरा, झंझौर, थानारामपुर, कंपोजिट विद्यालय जाठी आदि
ये होंगी सुविधाएं
स्कूलों में बनने वाली इस डिस्कवरी लैब में टेलीस्कोप, ग्लोब, तारामंडल की संरचना और ग्लाइडर आदि के जरिए तारों और ग्रह नक्षत्रों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही विज्ञान के प्रति अधिक रुचि पैदा करने के लिए विज्ञान के रोचक तथ्य दीवार पर लिखे जाएंगे। लैब में बैठकर बच्चे अंतरिक्ष की सैर कर सकेंगे।