लोकसभा चुनाव: अखिलेश यादव एक नहीं दो सीटों से लड़ सकते हैं चुनाव, इन सीटों पर संभावनाएं

लोकसभा चुनाव 2024: लोकसभा चुनाव को लेकर सभी दलों ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश में जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे सभी दलों का तैयारियों को लेकर सिलसिला तेज हो रहा है। इसी बीच खबर आ रही है कि उत्तर प्रदेश में आगामी लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव एक नहीं दो सीटों से चुनाव लड़ सकते हैं।  उनके लिए कन्नौज और आजमगढ़ दोनों में तैयारियां चल रही हैं। इन दोनों लोकसभा क्षेत्रों से अखिलेश यादव पहले भी सांसद रह चुके हैं। अखिलेश अभी विधानसभा के सदस्य हैं।

सपा ने पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव को कन्नौज और आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाया है। ये दोनों ही सीटें मुस्लिम और यादव मतदाताओं की संख्या अच्छी खासी होने के कारण सपा का गढ़ मानी जाती हैं। कन्नौज से अखिलेश यादव लगातार 2000, 2004 और 2009 का लोकसभा चुनाव जीते थे। उसके बाद 2014 में उनकी पत्नी डिंपल यादव यहां से जीतीं। जीत का यह सिलसिला वर्ष 2019 में थमा, जब डिंपल यादव भाजपा प्रत्याशी सुब्रत पाठक से हार गईं।

इसी तरह से आजमगढ़ से वर्ष 2014 का चुनाव मुलायम सिंह यादव जीते और 2019 में अखिलेश यादव वहां से सांसद चुने गए। लेकिन, अखिलेश यादव के विधानसभा सदस्य चुने जाने के बाद जब इस लोकसभा सीट पर उपचुनाव हुआ तो सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव यहां से हार गए। दिलचस्प मुकाबले में आजमगढ़ से भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ जीते। इन दोनों ही सीटों को पुनः हासिल करने के लिए सपा कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *